
रिवर व्यू क्षेत्र में शनिवार शाम से रात तक बिलासपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट व संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने इलाके की दोनों दिशाओं से घेराबंदी कर वाहन चालकों को रोका और जांच की कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस दौरान 5 ऐसे दोपहिया वाहन मिले जिनकी नंबर प्लेट नहीं थी और जिन पर कोई पहचान चिन्ह भी नहीं था। पुलिस ने इन्हें बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जप्त किया है। ये वाहन संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिनका आपराधिक गतिविधियों में उपयोग होने की आशंका जताई गई है।

वहीं 17 अन्य वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर के वाहनों पर अब सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अपराधों में उपयोग की जा रही इन गाड़ियों की निगरानी तेज कर दी गई है। वाहन चालकों को निर्देशित किया गया है कि मानक और वैध नंबर प्लेट का ही उपयोग करें, अन्यथा कार्रवाई से कोई नहीं बचेगा।




