
थाना तोरवा अंतर्गत रविवार रात एक महिला के साथ हुई छेड़खानी और जानलेवा हमले के मामले में तोरवा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना उस वक्त की है जब पीड़िता अपने घर लौट रही थी। तभी मस्तूरी क्षेत्र के रहने वाले बाबी बंजारे और सिकंदर सोनवानी ने रास्ते में उसे रोककर न सिर्फ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि जान से मारने की कोशिश भी की।घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तोरवा पुलिस हरकत में आई और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और पीड़िता को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।




