
बिलासपुर :- स्वतन्त्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे देश में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को चकरभाठा-बोदरी में सिंधी समाज द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका परिषद बोदरी से शुरू हुई यह यात्रा उत्साह और देशभक्ति के नारों के बीच नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए झूलेलाल भवन में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने किया।धरमलाल कौशिक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आजादी के अमृत महोत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो हर नागरिक में राष्ट्र प्रेम और सद्भावना की भावना को जागृत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में देश के प्रति गर्व का भाव इस अभियान को स्मरणीय बना रहा है।उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ जैसी कार्रवाइयों ने आतंकवाद पर करारा प्रहार किया है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने सेना के सम्मान, एकता और अखंडता के लिए एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम वर्मा, पार्षद विजय वर्मा, कृष्णा कुमार कौशिक, सुरेश पंजवानी सहित सिंधी समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।




