
इनर व्हील क्लब बिलासपुर में हाल ही में डिस्ट्रिक्ट 326 की जिला अध्यक्ष चेयरमैन मधुस्मिता त्रिपाठी का दौरा संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्लब की ओर से कई सामाजिक कार्यों की पहल की गई।

दौरे के दौरान क्लब ने महमद स्थित हायर सेकंडरी स्कूल को गोद लेकर उसे ‘हैप्पी स्कूल’ में बदलने का संकल्प लिया। इस अंतर्गत बच्चों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई तथा लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालयों का जीर्णोद्धार किया गया।

इसके बाद जिला अध्यक्ष ने अरपा वैली इंटरनेशनल स्कूल का भी दौरा किया। यहां उनका स्वागत एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया। स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर छात्राओं ने उन्हें सम्मानित किया।

विद्यालय परिसर में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर क्लब की प्रेसिडेंट डॉ. सुनीता चावला ने स्वागत भाषण दिया और जिला अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

उन्होंने क्लब की गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि किस तरह से क्लब समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्यरत है।अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष मधुस्मिता त्रिपाठी ने इनर व्हील क्लब को विश्व का सबसे बड़ा महिला स्वयंसेवी संगठन बताया। उन्होंने कहा कि इस संगठन का मुख्य उद्देश्य सेवा और सहयोग है। उन्होंने क्लब के बीते कार्यों की सराहना की और आगे भी इसी तरह सेवा कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन हाई कोर्ट की एडवोकेट अनुभूति महाराज और डॉ. गुंजन अग्रवाल ने किया। संचालन के दौरान दोनों ने अपनी ऊर्जा और सरल भाषा से पूरे आयोजन को रोचक और सुव्यवस्थित बनाया। इस अवसर पर डॉ. संगीता बनाफर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और सभी सदस्यों का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा साल भर की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

क्लब की सदस्याएं जयश्री भट्टाचार्य, शहला खोखर, रूबी छाबड़ा, सरिता अग्रवाल, ग्लोरिया पिल्लै, मंजू धनधारिया, अश्विनी यादव सहित अन्य सदस्याएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं और उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई।प्रियंका सिंह राकेश खरे




