
बिलासपुर – बिलासपुर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को कांग्रेस पार्षद और समर्थकों का जमकर हंगामा हुआ। बिजली और पानी की समस्या को लेकर हुए इस घेराव ने स्थिति को बेकाबू कर दिया। अब इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने वार्ड 5 की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू और तिफरा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल, वार्डवासियों के साथ पार्षद गायत्री साहू नगर निगम विकास भवन पहुंचीं और महापौर पूजा विधानी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर दिया और महापौर कार्यालय के बाहर मटका फोड़कर विरोध जताया। निगम प्रशासन का आरोप है कि यह प्रदर्शन बिना पूर्व सूचना और अनुमति के किया गया।निगम उपआयुक्त खदाची कुम्हार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन देने को कहा गया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बजाय वे जबरन घेराव और गेट जाम कर दादागिरी करने लगे, जिससे पूरे विकास भवन का कामकाज प्रभावित हुआ।
इधर, पुलिस ने भी इस मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। थाना सिविल लाइन प्रभारी एस. आर. साहू ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने विकास भवन के अंदर घुसकर हंगामा किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इसी आधार पर पार्षद गायत्री साहू और ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू समेत अन्य पर BNS की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है। उधर, इस घटनाक्रम के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं




