
रायपुर :- उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को रायपुर के कौशल्या विहार में ‘वीमेन फॉर ट्रीज’ अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यावरण के प्रति जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि हमें अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर महापौर मीनल चौबे ने सिंदूर के पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान से 1701 समूहों की 2300 से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया है। प्रदेश के 133 नगरीय निकायों में भारत सरकार से 444 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनके तहत 1.66 लाख पौधे लगाए जाएंगे।महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 60 स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा, जिसमें 232 महिलाएं सीधे जुड़ी हैं। विधायक मोतीलाल साहू ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरित भारत के आह्वान से जोड़ते हुए कहा कि यह अभियान ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने में मददगार होगा। अभियान के तहत नगरीय निकायों में स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, जलाशयों, मुक्तिधाम, उद्यानों, रोड डिवाइडर और गौठानों जैसी सरकारी व सार्वजनिक भूमि पर वृक्षारोपण किया जाएगा।इस अभियान से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि महिला सशक्तीकरण भी होगा।पौधों के रखरखाव और निगरानी की जिम्मेदारी स्वसहायता समूहों को दी गई है। प्रत्येक महिला को पौधों की देखभाल के लिए एक वर्ष तक प्रतिमाह 8,000 रुपए तथा जियो-टैगिंग व निगरानी कार्य हेतु अतिरिक्त 1,000 रुपए मिलेंगे। इससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे हरियाली बढ़ाने में अहम योगदान दे सकेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर पहले चरण में सबसे ज्यादा स्वीकृति मध्यप्रदेश के बाद छत्तीसगढ़ को मिली है, जबकि परियोजना राशि के मामले में राज्य पश्चिम बंगाल के बाद दूसरे स्थान पर है।


