
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के लाखपतरा गांव में करंट की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राम प्रसाद राठिया, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी लाखपतरा के रूप में हुई है। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब राम प्रसाद खेत से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, खेत के पास बिजली का एक नंगा तार गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आकर राम प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं घटना स्थल की जांच कर आगे की आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। परिजन और ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और बिजली विभाग को भी सूचना दे दी गई है।




