
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर घड़ी चौक के पास बनने वाले नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया। 4.71 करोड़ की लागत से बनने वाली इस 250 सीटर लाइब्रेरी को लेकर उन्होंने कहा कि कांकेर समेत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। सांसद भोजराज नाग और विधायक आशाराम नेताम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में प्रदेशभर के नगरीय निकायों को सात हजार करोड़ से अधिक की राशि जारी की गई है।

सिर्फ कांकेर नगर पालिका को ही 21 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीएससी घोटाले की जांच पूरी कर युवाओं को न्याय दिलाया गया और शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत 300 से अधिक शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षक पदस्थ किए गए।

श्री साव ने भरोसा दिलाया कि ‘सिटी डेवलपमेंट प्लान’ के तहत कांकेर जिले में आगे भी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं के भविष्य संवारने का बड़ा मंच बनेगा।

उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय से पहले गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरा कर रहे हैं।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।




