
जिले में चल रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कांसाबेल थाना पुलिस ने मिनी ट्रक से 17 नग गौवंशों को सकुशल बरामद किया है। इस दौरान तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की त्रिपाल से ढके मिनी ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया है और झारखंड ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी लेने पर 17 नग गौवंश मिले, जिन्हें सुरक्षित निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।गिरफ्तार आरोपियों के नाम हरिप्रसाद राम निवासी कोरबा, बुधीयार सिदार और कबीर सिदार निवासी कांसाबेल बताए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक हजारों गौवंशों को मुक्त कराते हुए 141 से अधिक गौ-तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




