
रायपुर में नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के तहत कबीर नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोनडोंगरी तालाब के पास प्रतिबंधित नशीली सिरप TUSCOREX SYRUP की बिक्री करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अपने पास प्रतिबंधित सिरप रखे हुए हैं और ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं।सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्वरित दबिश दी और मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 100 शीशी TUSCOREX SYRUP जब्त की गई,

जिनमें प्रत्येक में 100 एमएल नशीला पदार्थ पाया गया। यह सिरप बिना मेडिकल पर्ची के बेचा जा रहा था और इसका प्रयोग नशे के तौर पर किया जाता है।आरोपी इस प्रतिबंधित सिरप को छुपाकर अवैध तरीके से बेचने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियाँ दिखाई देती हैं तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




