
बिलासपुर- बिलासपुर की सड़कों पर कुछ दिन पहले एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला। ट्रैफिक जवान हमेशा की तरह ड्यूटी में थे, लेकिन इस बार सड़कों पर बुलेट बाइक दौड़ाते एक अफसर का अंदाज़ सबसे अलग था। दरअसल, ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने अचानक सिविल ड्रेस और हेलमेट पहनकर मैदान में उतरने का फैसला किया। इस अनोखे अंदाज़ ने न सिर्फ लोगों का ध्यान खींचा बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की असलियत भी सामने लाई। यह नज़ारा किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था। भीड़भाड़ वाली सड़कों पर बुलेट बाइक दौड़ रही थी, और बाइक पर सवार कोई आम व्यक्ति नहीं बल्कि ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे थे। हेलमेट और सिविल ड्रेस की वजह से सड़क पर तैनात जवान भी उन्हें पहचान नहीं पाए। लेकिन मीडिया के कैमरों ने उनके इस अंदाज़ को कैद कर लिया। निरीक्षण के दौरान एएसपी कई जगहों पर रुके, ट्रैफिक जवानों से चर्चा की और खुद शहर की यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने गणेश पंडालों, ठेला-गुमटियों और बेतरतीब पार्किंग से बनी अव्यवस्थाओं को अपने मोबाइल में कैद किया। सोशल मीडिया पर जब उनका यह वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने इसे खूब सराहा। हालांकि करियारे ने साफ कहा कि निरीक्षण करना हमारी नियमित प्रक्रिया है।हम बिना बताए सिविल ड्रेस में निकलते हैं ताकि जवानों की असली ड्यूटी और शहर की असली स्थिति देखी जा सके। हमारा मकसद केवल जनता की परेशानी कम करना है,उन्होंने स्पष्ट किया।
एएसपी करियारे ने बताया कि शहर में कहाँ जाम की स्थिति बनती है, कहाँ ठेले-गुमटियाँ या पंडाल ट्रैफिक को प्रभावित कर रहे हैं—इसे मौके पर ही नोट कर संबंधित समितियों और विभागों से समन्वय कर तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल होना अलग बात है, लेकिन लक्ष्य केवल ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त कर जनता को राहत देना है। एएसपी के इस अंदाज़ को न केवल सोशल मीडिया पर लोगों ने सराहा बल्कि शहरवासियों ने भी कहा कि अगर अफसर इसी तरह अचानक मैदान में उतरें तो ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर हो सकती है। त्योहारों के समय जब भीड़ और बढ़ जाती है, तब इस तरह का निरीक्षण न सिर्फ जवानों की वास्तविक ड्यूटी का हाल बताता है बल्कि अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित करने में भी मददगार साबित होता है। बुलेट पर सवार एएसपी की यह पहल जनता के लिए राहत और व्यवस्था सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




