
बिलासपुर :- नेशनल हेल्थ मिशन के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की लगातार 13वें दिन जारी हड़ताल शनिवार को उस वक्त गरमा गई, जब उनके प्रांतीय अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दुबे कुछ प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिलने पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसमें महिला संविदाकर्मी अजीता पांडेय घायल हो गईं।तनाव की स्थिति बढ़ी तो दुबे ने वापस लौटने की बात कही, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले आई। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में संविदाकर्मी थाने के बाहर जुट गए और चेतावनी दी कि जब तक उनके अध्यक्ष रिहा नहीं होते, वे थाने के बाहर धरना देंगे।हालांकि पुलिस ने शाम तक दुबे को छोड़ दिया।संविदा स्वास्थ्यकर्मी पिछले 12-13 दिनों से हड़ताल पर हैं। उनकी मांग है कि सेवा का नियमितीकरण किया जाए और वेतन वृद्धि लागू की जाए। हड़ताल के चलते कई जिलों में अस्पतालों और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।महिला कर्मी अजीता पांडेय ने कहा हम शांति से अपनी बात विधानसभा अध्यक्ष तक पहुंचाना चाहते थे। लेकिन धक्का-मुक्की में मुझे चोट लगी। हमारी सिर्फ यही मांग है कि सरकार हमारी पीड़ा और समस्याओं को सुने।




