
बिलासपुर। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बड़ी संख्या में आए प्रार्थियों ने अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन कई ऐसे लोग भी नजर आए जो महीनों से यहां चक्कर काट रहे हैं और अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

तालापारा निवासी एक प्रार्थी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनके घर को तोड़ा गया था, लेकिन उन्हें मुआवजा राशि नहीं मिली है। इस संबंध में वे पिछले तीन महीनों से लगातार जनदर्शन में आकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं, मगर अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। एक आंगनबाड़ी सहायिका महिला ने भी अपनी समस्या सामने रखते हुए कहा कि उनका पदोन्नति का अधिकार था, लेकिन अनियमितता के चलते किसी अन्य व्यक्ति को पदोन्नत कर दिया गया।

इससे वह अपने लाभ से वंचित रह गई हैं और लगातार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। जनदर्शन में पहुंचे अन्य प्रार्थियों ने पानी की समस्या, सड़क की मरम्मत, खाद-बीज की कमी और आवास की सुविधा जैसी बुनियादी परेशानियों को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन आम नागरिकों की इन तकलीफों का निराकरण कब तक करता है। लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि कलेक्टर की पहल से उनकी समस्याएं दूर होंगी और उन्हें न्याय मिलेगा। फिलहाल जनदर्शन में उठी शिकायतों ने एक बार फिर आमजन की परेशानियों और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है।




