
बिलासपुर। 9 सितंबर को बिलासपुर में होने वाले कांग्रेस के “वोट चोर गद्दी छोड़” जंगी प्रदर्शन को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आज कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग के गठजोड़ को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। यह प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में होगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। बैज ने कहा कि “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान का उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि किस तरह से चुनाव में हेराफेरी की गई। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मुद्दे पर जनता के सामने कोई ठोस सबूत रखा जाएगा, तो उन्होंने कहा कि वोट चोरी सीरियल किलर की तरह की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और उचित समय पर जनता के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे।प्रेसवार्ता के दौरान बैज ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आयोग से सवाल पूछ रही है, जबकि आयोग उल्टा कांग्रेस से ही सवाल कर रहा है। मंत्री केदार कश्यप के विवादित बयान पर बैज ने कहा कि अगर उन्होंने किसी की मां को गाली दी है, तो क्या वह किसी की मां नहीं थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बोएंगे पेड़ बबूल तो आम कहां से होंगे।” बाढ़ प्रभावितों पर सरकार की लापरवाही को लेकर भी बैज ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब बाढ़ पीड़ित रो रहे थे, तब प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव नाचते हुए देखे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी संवेदनहीन राजनीति कर रही है और जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही।




