
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है, जहाँ बदमाशों ने सड़क पर रोककर एक मछली कंपनी के वाहन से करीब ₹2,57,660 की लूट को अंजाम दिया। यह घटना बीते शनिवार शाम लगभग 6 बजे की है, जब एम.एम. फिश कंपनी का माजदा वाहन क्षेत्र में मछली सप्लाई कर और कलेक्शन करके बिलासपुर लौट रहा था।घटना खड़गांव से सिथरा मार्ग के बीच की है, जहाँ तीन स्कूटी सवार युवकों ने वाहन को जबरन रोककर लूट को अंजाम दिया। माजदा वाहन चालक मोहम्मद रफीक द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, लुटेरों ने पैसों से भरे बैग को छीन लिया और स्कूटी पर सवार होकर भाग निकले।जैसे ही क्षेत्रवासियों को लूट की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर दी। घेराबंदी की भनक लगते ही तीनों बदमाश स्कूटी को घटनास्थल के पास ही छोड़कर पास के जंगल की ओर भाग खड़े हुए।फिलहाल पुलिस ने स्कूटी को बरामद कर लिया है और मामला धरमजयगढ़ थाना में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है, और आसपास के गांवों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।स्थानीय लोग इस घटना के बाद से डरे हुए हैं और उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।




