
बिलासपुर। सिम्स अस्पताल को अब मरीजों की सुविधा के लिए एक मल्टीपरपज वाहन मिल गया है। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने बुधवार को सिम्स को यह वाहन भेंट किया। एम्बुलेंस जैसी यह गाड़ी मरीजों और अस्पताल से जुड़े चिकित्सा कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
सिम्स परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वाहन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सिम्स के डीन डॉ. रामणेश मूर्ति, डॉक्टरों की टीम और अस्पताल कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सिम्स डीन डॉ. रामणेश मूर्ति ने जानकारी दी कि यह वाहन मरीजों को लाने-ले जाने, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और अन्य चिकित्सा कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। उनके अनुसार, इस गाड़ी से मरीजों को समय पर मदद मिलेगी और अस्पताल की सेवा व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।स्थानीय नागरिकों ने विधायक अमर अग्रवाल की इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि मल्टीपरपज वाहन से मरीजों को समय पर इलाज और सुविधाएं मिलेंगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इस तरह की पहल से सिम्स की स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा।




