
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ बिलासपुर में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में देवकीनंदन दीक्षित सभागार में सोमवार को स्वच्छता उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए। स्वच्छता उत्सव में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला और तखतपुर विधायक धार्मजीत सिंह मौजूद रहे।

इनके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण सभागार में दिखाया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर प्रधानमंत्री का संदेश सुने। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर देशवासियों का आह्वान किया।

देवकीनंदन दीक्षित सभागार में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल लगाए गए थे। वहीं, आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने लाभ लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने चेक वितरण किए।

साथ ही, बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया और उन्हें साड़ी प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर में रक्तदान शिविर सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा सिम्स अस्पताल में अगले 30 दिनों तक विभिन्न स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।




