
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तीसरे दिन फिटनेस और स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु मैराथन, वाकथन और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।साइकिल रैली का शुभारंभ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय से हुआ, जबकि दूसरी रैली स्कूल नंबर एक से निकली।

इसी प्रकार वाकथन रैली रेलवे स्कूल नंबर दो से शुरू हुई। रैलियों में लगभग 400 छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने भाग लिया और पूरे मार्ग पर स्वच्छता के नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।इस अवसर पर प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ लेकर अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि आमजन को स्वच्छता का महत्व समझाना भी रहा। कल चौथे दिन स्वच्छता आधारित खेल प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम होंगे।




