
बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में कांग्रेस नेता के पुत्र और वरिष्ठ कांग्रेस नेता के भतीजे 21 वर्षीय संस्कार सिंह ने लाइसेंसी डबल बैरल शॉटगन से खुद पर गोली चला ली। इस घटना ने पूरे इलाके और राजनीतिक हलकों में सनसनी मचा दी है। घटना राजकिशोर नगर स्थित कांग्रेस नेता चित्रसेन सिंह के घर की है। रविवार देर रात संस्कार सिंह ने खुद पर गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनते ही घरवालों और पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सरकंडा पुलिस और उच्च अधिकारी जांच में जुट गए।पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी डबल बैरल शॉटगन जब्त कर ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स मर्च्युरी भेज दिया।

शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस ने केस दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल शुरू कर दी है।मृतक संस्कार सिंह 12वीं पास करने के बाद नीट की तैयारी कर रहा था। हाल ही में उसका चयन मध्यप्रदेश के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए हुआ था और सोमवार को उसे कॉलेज रवाना होना था। लेकिन परिजनों के मुताबिक, वह मेडिकल की पढ़ाई नहीं करना चाहता था और इसी दबाव के चलते मानसिक तनाव में चल रहा था।बताया जा रहा है

कि लंबे समय से घर पर खाली रहने और पढ़ाई को लेकर चल रहे दबाव के कारण संस्कार परेशान रहता था। मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिलने के बावजूद वह खुश नहीं था और इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में हुई इस त्रासदी से हर कोई स्तब्ध है। स्थानीय लोग और राजनीतिक वर्ग गहरी संवेदना जता रहे हैं।संस्कार की आत्महत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि युवाओं में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को समाज कैसे समय रहते पहचान और संभाल सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के असली कारणों की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है।


