
सिम्स अस्पताल में लगातार बढ़ती चोरी और पाकेटमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रबंधन ने सख्त कदम उठाया है। अब शाम 6 बजे के बाद किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को अस्पताल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह निर्णय मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।अस्पताल परिसर में सक्रिय गिरोह खासकर ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों व परिजनों को निशाना बना रहे थे। वाहन चोरी और गलियारों में उठाईगिरी आम बात हो गई थी। सुरक्षा कर्मियों की सीमित संख्या और बढ़ते अपराधों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा जिनके परिजन या मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।


