
नगर निगम जगदलपुर में आज आयोजित सामान्य सभा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। बैठक में जैसे ही एजेंडों पर चर्चा शुरू हुई, विपक्षी कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सभा का बहिष्कार कर दिया।आज की सामान्य सभा में कुल 13 एजेंडों पर चर्चा प्रस्तावित थी, लेकिन विपक्ष का आरोप है कि उनके किसी भी मुद्दे को सुनवाई में नहीं लिया जा रहा था। कांग्रेस पार्षदों ने निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन पर तानाशाही रवैया अपनाने और एकतरफा निर्णय लेने का आरोप लगाया।

उनका कहना था कि विपक्ष की राय को दरकिनार करते हुए केवल सत्ता पक्ष के सुझावों को महत्व दिया जा रहा है।विरोध के दौरान माहौल तब गरमा गया जब संजय गांधी वार्ड की पार्षद कोमल सेना ने नाराज होकर एजेंडा की प्रति फाड़ दी और उसे निगम अध्यक्ष की ओर फेंक दिया। इसके बाद कांग्रेस पार्षद नारेबाजी करते हुए सभा से बाहर निकल गए।कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि जब तक निगम प्रशासन निष्पक्ष रवैया नहीं अपनाता, तब तक वे इस तरह की बैठकों में शामिल नहीं होंगे। वहीं, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन ने कहा कि सभी एजेंडों पर नियमानुसार चर्चा की जा रही थी, लेकिन विपक्ष बिना कारण हंगामा कर रहा है।


