
जशपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने सोशल मीडिया पर नाबालिग से दोस्ती कर मोबाइल पर शादी का झांसा दिया, फिर वीडियो कॉल के ज़रिए उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद ब्लैकमेल कर उसे अपने साथी से दुष्कर्म के लिए मजबूर किया। यह सनसनीखेज वारदात थाना दुलदुला क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दिलीप चौहान को आखिरकार पकड़ लिया है।पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2021 में बिहार निवासी कुंदन राज ने सोशल मीडिया के ज़रिए नाबालिग से संपर्क किया और शादी का वादा कर वर्चुअल सुहागरात के नाम पर उसकी अश्लील वीडियो बनाई।वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने अपनी जगह अपने दोस्त दिलीप चौहान को नाबालिग के पास भेजा और वीडियो कॉल पर पूरा कृत्य देखने की कोशिश की। पीड़िता ने भय और सामाजिक बदनामी के डर से सबकुछ सहा, लेकिन अंततः हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने 2022 में कुंदन राज को बिहार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी दिलीप चौहान घटना के बाद से फरार था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपी को कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दिलीप ने अपराध स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और दुष्कर्म सहित कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।


