
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए आज तिफरा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। अधिकारियों को शिविर बढ़ाने और आवेदनों की तुरंत प्रक्रिया करने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर स्थित तिफरा प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने मुंगेली जिले के अधिकारियों और रजिस्टर्ड सोलर वेंडरों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य था।पीएम सूर्यघर योजना को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना।मुंगेली संभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के बाद 1 से 10 नवंबर तक लगभग 10 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह दर्शाता है कि आम जनता में योजना को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकासखंडवार ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग आवेदन कर सकें।उन्होंने यह भी कहा कि प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, वेंडरों का चयन तेजी से हो और तय समयसीमा में सभी लाभार्थियों के घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए जाएं। बैठक में अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े, सुश्री स्मिता सूर्यवंशी, कार्यपालन अभियंता एन.आर. भगत समेत मुंगेली जिले के सहायक अभियंता और पंजीकृत वेंडर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति और चुनौतियों पर भी चर्चा की।पॉवर कंपनी का कहना है कि योजना को गति देने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक उपभोक्ता मुफ्त बिजली के इस लाभ से जुड़ें और जिले में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिले।


