
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत अल्प प्रवास पर तखतपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने पारंपरिक पीले चावल देकर क्षेत्र के क्षत्रिय समाज के लोगों को आगामी 7 दिसंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में आमंत्रित किया। करणी सेना आगामी समय में छत्तीसगढ़ में एक विशाल आयोजन करने जा रही है, जिसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं ग्रामीण अंचलों में पहुँचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और आयोजन को सफल बनाने की अपील कर रहे हैं।तखतपुर पहुंचने के बाद राज शेखावत ने कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया।

उन्होंने घर–घर जाकर समाज के लोगों को इस कार्यक्रम की महत्ता बताई और बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचने की अपील की। शेखावत का कहना है कि यह आयोजन क्षत्रिय समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।तखतपुर के बाद उनका अगला पड़ाव मुंगेली है, जहाँ वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और सभा में शामिल होने का आग्रह करेंगे। तखतपुर, मुंगेली और लोरमी क्षेत्र को क्षत्रिय बहुल इलाका माना जाता है, ऐसे में करणी सेना इन क्षेत्रों को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखावत का उद्देश्य समाज में एकता, जागरूकता और संगठन की शक्ति को बढ़ावा देना है। ग्रामीण क्षेत्रों में उनके लगातार दौरे से समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज हो गई है।


