
शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी जर्जर सड़कों की समस्या लगातार गहराती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी लंबे समय से आवाज उठाती रही है। कांग्रेस का आरोप है कि बिना कार्य किए सड़क निर्माण के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति की जा रही है, वहीं खराब सड़कों से परेशान स्थानीय लोग भी अब आंदोलन का सहारा लेने लगे हैं।

इसी क्रम में शनिवार को मोपका स्थित रामकृष्ण नगर के रहवासियों ने पिछले कई वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है, खासकर रात्रि के समय यहां से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है।

कई बार जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराने और आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने धरने में भाग लेकर अपनी नाराजगी जताई।रहवासियों ने कहा कि वे नियमित रूप से शासन के सभी करों का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव उनके साथ छलावा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में वे और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


