
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश में जमीन रजिस्ट्री को लेकर लागू किए गए नए नियमों के खिलाफ अब विरोध तेज होता जा रहा है। नए प्रावधानों के तहत रजिस्ट्री शुल्क में कई गुना बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसके बाद से आम नागरिकों और जमीन विक्रेताओं में नाराजगी बढ़ गई है। इसी कड़ी में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ने इस निर्णय का कड़ा विरोध जताते हुए व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया।सुबह कांग्रेस भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए।

बैठक के बाद सभी कार्यकर्ता विरोध रैली की शक्ल में नेहरू चौक पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार की कठोर नीति के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रजिस्ट्री शुल्क में अत्यधिक वृद्धि आम जनता के हितों के खिलाफ है। इससे न सिर्फ जमीन खरीदी-बिक्री प्रभावित होगी बल्कि मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की परेशानी समझने के बजाय लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जो आम नागरिकों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे पर और अधिक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए वे सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।




