
अकलतरा स्थित अघोर आश्रम पीठ में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रामीणों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे लोग भोजन के बाद आराम से स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श प्राप्त कर सकें।अघोर आश्रम के बाबा ने बताया कि इस वर्ष लगभग 1300 से 1500 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और दवाइयों का लाभ लिया। शिविर में बिलासपुर, चंपा और अन्य क्षेत्रों से आए कुल सात डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं।

ठंड के मौसम को देखते हुए आश्रम द्वारा पिछले 17 वर्षों से निरंतर ग्रामीणों को कंबल वितरण की परंपरा इस बार भी निभाई गई। इस वर्ष लगभग 6 से 7 हजार ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए।अघोर आश्रम न केवल स्वास्थ्य सेवा बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रहा है। यहां क्षेत्र का पहला सीबीएसई स्कूल स्थापित किया गया है, जिसमें वर्तमान में 500 से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आश्रम में हॉस्टल सुविधा उपलब्ध है, जहाँ पढ़ाई, भोजन और दैनिक जरूरतों का खर्च आश्रम द्वारा उठाया जाता है। इनमें बड़ी संख्या में आदिवासी बच्चे भी शामिल हैं।बाबा ने कहा कि सेवा, शिक्षा और मानवता ही आश्रम की मूल भावना है, और आगे भी ऐसे शिविर और जनसेवा कार्यक्रम जारी रहेंगे।




