
पचपेड़ी थाना क्षेत्र के चिल्हाटी में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान कथित धर्मांतरण का मामला सामने आने पर मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मकान में चल रही प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान सभा में मौजूद करीब 30–35 लोगों की उपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कार्यक्रम को तत्काल रोकने की मांग की गई।घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। विरोध करने वालों ने संबंधित पास्टरों के खिलाफ धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है।पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों ने दावा किया कि यह सिर्फ धार्मिक प्रार्थना थी, धर्मांतरण से उनका कोई लेना-देना नहीं है।




