
मुख्यमंत्री की रामलला दर्शन योजना के तहत बुधवार को आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुई। केवल बिलासपुर जिले से 225 यात्री इस आध्यात्मिक यात्रा में शामिल हुए। सुबह से ही स्टेशन पर भक्तों की भीड़ उमड़ी और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी मौजूद रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। श्रद्धालुओं का तिलक, फूल मालाओं और प्रसाद के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया।

विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि यह योजना साधारण परिवारों के लिए एक सौभाग्य है, जिससे लोग बिना खर्च के अपने आराध्य के दर्शन कर पा रहे हैं।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पहले वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां वे बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद यह दल अयोध्या पहुँचकर श्री रामलला, रामगढ़ी, सरयू घाट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेगा। श्रद्धालुओं ने कहा कि जीवन में पहली बार काशी और अयोध्या के दर्शन एक ही यात्रा में मिल रहे हैं, यह उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।सरकार ने इस यात्रा में भोजन, रहने, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएँ निशुल्क उपलब्ध कराई हैं। प्लेटफॉर्म पर श्रद्धा और भावनाओं का माहौल देखने को मिला। यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालु पुनः इसी ट्रेन से बिलासपुर लौटेंगे। मुख्यमंत्री की इस योजना ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा और ऊर्जा दी है।




