
तखतपुर क्षेत्र के सहकारी बैंक में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पदुम राम सतनामी नामक व्यक्ति के नाम से बैंक में खाता संचालित था, जिसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद उनके खाते से संदिग्ध लेनदेन होने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। वर्ष 2021 से 2025 तक दो बार कार्यकाल संभाल चुके शाखा प्रबंधक सूर्यकांत जायसवाल के ऊपर इस खाते सहित कई खातों में अनियमित लेनदेन करने के आरोप लगाए गए हैं।शिकायत मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल जांच कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत खाताधारक के खाते से लेनदेन होने के मामले ने बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह सिर्फ एक खाता नहीं, बल्कि कई ऐसे खाताधारक हो सकते हैं जिनके खातों में बिना अनुमति के लेनदेन किए गए हैं। करोड़ों रुपए के वित्तीय अनियमितता के संकेत मिलने के बाद जांच टीम दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।शाखा प्रबंधक सूर्यकांत जायसवाल पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान कई संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहकारी समिति ने भी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं ग्रामीणों और खाताधारकों में बैंकिंग व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।




