
बिलासपुर। शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर शुक्रवार को शिव सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बिलासपुर में अधिकांश सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। शिव सेना नेताओं ने बताया कि सरकारें बदल गईं, नेता बदल गए, लेकिन न्यायधानी की तस्वीर नहीं बदली।

शहर के तालाबों की स्थिति भी खराब हो चुकी है और कई सड़कों पर पड़े गड्ढों ने लोगों का आवागमन मुश्किल कर दिया है। उनका कहना है कि नगर निगम के अधिकारी लगातार अनदेखी कर रहे हैं, जिसके कारण आम जनता परेशान है और समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि शहर की प्रमुख सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को पाटने और मूलभूत सुविधाओं को सुचारू करने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार कार्य में लापरवाही अब आम जनजीवन को खतरे में डालने लगी है, इसलिए प्रशासन को जल्द समाधान करना चाहिए। शिव सेना ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं को अनदेखा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।




