
बिलासपुर जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक सूरज वस्त्रकार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट का ज़िक्र होने के बाद परिजन ने मामले की पुनः जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि 14 मई 2025 की शाम सूरज का शव घर मे मिला जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था और उसके सिर से तेज़ी से खून बह रहा था। परिवार का आरोप है कि घटना स्थल की स्थिति देखने से यह स्पष्ट होता है कि युवक के साथ मारपीट की गई थी। वहीं, मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था, जिसे परिवार ने झूठा बताया है। परिजनों का दावा है कि नोट दो अलग-अलग रंग की स्याही से लिखा गया है और मृतक की लिखावट से मेल नहीं खाता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नोट किसी अन्य व्यक्ति द्वारा तैयार कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिवार का कहना है कि मोबाइल फोन की जांच से कई अहम खुलासे हो सकते हैं,परिजन इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजन और शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की स्थिति और सुसाइड नोट की संदिग्धता यह साबित करती है कि मौत प्राकृतिक नहीं थी। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ाता है और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है।




