
जशपुर पुलिस ने विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली और लोदाम थाना क्षेत्र से कुल 13 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है। कोतवाली क्षेत्र में पिकअप वाहन से 3 गौ-वंश बरामद कर दो तस्करों—समीम उर्फ छेदन और राजकुमार यादव—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने पूछताछ में दस्तावेज न मिलने पर वाहन सहित आरोपियों के खिलाफ छग कृषक पशु परिरक्षण व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में अपराध दर्ज किया।लोदाम थाना क्षेत्र में तड़के नाकाबंदी के दौरान झारखंड पासिंग पिकअप को छोड़कर भागे तस्कर द्वारा ले जाए जा रहे 10 गौ-वंश बरामद किए गए। वाहन जब्त कर फरार आरोपी की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि गौ-तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी रहेगा।




