
चांपा में एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर मंगलसूत्र और टॉप्स लूटने वाले तीन आरोपियों—निखिल पांडेय, अरुण राजपूत और एक नाबालिग—को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना तब हुई जब पीड़िता घर में अकेली तैयार हो रही थी। तीन युवक दरवाजा खोलकर अंदर घुसे, महिला पर सिर में प्राणघातक वार किया और गला दबाते हुए आभूषण लूटकर फरार हो गए। पीड़िता के बेटे की रिपोर्ट पर चापा थाना में हत्या के प्रयास और लूट का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर चापा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई की। पूछताछ और तकनीकी इनपुट के आधार पर पहले निखिल पांडेय को दबोचा गया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों अरुण राजपूत और नाबालिग का नाम उजागर किया। पुलिस ने तीनों को अलग–अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लूटे गए मंगलसूत्र और टॉप्स बरामद कर लिए। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी सागर पाठक और टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




