
रतनपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे पुलिस ने कड़ी मेहनत और तकनीकी निगरानी के बाद पकड़ने में सफलता हासिल की।गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीफ खान पिता फरीद खान निवासी पड़ावपारा कोटा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 8 नवंबर को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी पिछले दो वर्षों से स्कूल जाते समय उसका पीछा करता था और शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाया। नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद आरोपी ने जबरन कई बार शारीरिक संबंध बनाए।मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध का था, इसलिए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।




