
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने आज प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है, जिसमें बिलासपुर नगर निगम में बड़ा बदलाव किया गया है। आदेश के तहत बिलासपुर नगर पालिक निगम के वर्तमान आयुक्त अमित कुमार का स्थानांतरण करते हुए उन्हें सुकमा जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, बिलासपुर निगम की कमान अब प्रकाश कुमार सर्वे को सौंपी गई है, जो वर्तमान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे।बिलासपुर के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कलेक्टर्स के प्रभार बदले गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को सरगुजा, दंतेवाड़ा कलेक्टर कुणाल दुदावत को कोरबा और सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को दंतेवाड़ा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त भोसकर विलास संदिपान को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।




