
बिलासपुर रेलवे स्टेशन ने महिला यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ऑटोमैटिक सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है, जिसका शुभारंभ एक महिला यात्री द्वारा किया गया।यह मशीन महिला प्रतीक्षालय के सामने लगाई गई है, जिससे यात्रा के दौरान आपात स्थिति में महिलाओं को स्वच्छ नैपकिन आसानी से मिल सके। यह सुविधा विशेष रूप से उन महिला यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी होगी, जो अचानक जरूरत पड़ने पर असहज स्थिति का सामना करती हैं।रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर ज़ोन में पहली बार इस तरह की स्वचालित मशीन लगाई गई है। कुछ रुपए में नैपकिन उपलब्ध करवाने वाली यह मशीन QR कोड, डिजिटल भुगतान और सिक्कों से भी संचालित हो सकती है। इसका उद्देश्य सुविधा के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाना भी है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पहल महिलाओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए की गई है। साथ ही महिला यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे इस सुविधा का उपयोग करें और अन्य यात्रियों को भी इसके बारे में जागरूक करें। स्टेशन प्रशासन का मानना है कि ऐसी सुविधाएँ यात्रा को और सुरक्षित तथा सहज बनाती है




