
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने 18 दिसंबर को थाना सिविल लाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में मौजूद फरियादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण में सीसीटीएनएस कक्ष, रीडर शाखा और विवेचक कक्ष की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन आवेदनों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान पुराने लंबित प्रकरणों के प्रभावी निराकरण पर उप निरीक्षक अमृत साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मालखाना संधारण को भी संतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी को पुरस्कृत किया गया। थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए की गई सख्त कार्रवाई और गुंडे-बदमाशों पर प्रभावी प्रहार को सराहते हुए एसएसपी ने उन्हें भी नगद पुरस्कार प्रदान किया।




