
जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरापाठ नन्हेसर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चचेरे मामा ने अपने ही तीन माह के भांजे की हत्या कर दी। आरोपी रतन उर्फ रतनू राम ने पत्नी से हुए विवाद के चलते अपनी चचेरी बहन पर टांगी के हत्थे से हमला किया, बचाव में झुकने पर उसकी पीठ में बंधे मासूम बच्चे को गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, साथ ही वारदात में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली गई है।




