
बहतराई स्टेडियम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़ 2026 की भी लॉन्चिंग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस महोत्सव में प्रदेश भर से 3 हजार से अधिक युवा 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विजेता प्रतिभाएं राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।इस अवसर पर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के शुभंकर ‘मोर वीर’, थीम सॉन्ग और टॉर्च का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने खेल अलंकरण समारोह पुनः शुरू करने, खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने और मलखंब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में अबूझमाड़ क्षेत्र के खिलाड़ियों द्वारा मलखंब की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं सरकार ने भविष्य में सरगुजा अंचल में भी ओलंपिक आयोजन की घोषणा की।




