
संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कोटा विकासखंड के पीपरतराई धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औसत गुणवत्ता से कम दर्जे का धान खरीदे जाने का मामला सामने आया, जिस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई।कमिश्नर जैन ने केंद्र की अव्यवस्थाओं को गंभीर मानते हुए खाद्य विभाग को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि किसानों की सुविधा के लिए कोई समुचित इंतजाम नहीं थे और धान की स्टेकिंग भी तय मानकों के अनुसार नहीं की गई थी।निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा कर उन्हें अच्छी तरह सुखाया हुआ और साफ-सुथरा धान ही बिक्री के लिए लाने की सलाह दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी, उपायुक्त विकास एचएस चौहान, एसडीएम नितिन तिवारी और तहसीलदार राठौर भी उपस्थित रहे।




