
संभागीय कमिश्नर एवं चुनाव आयोग के रोल ऑब्जर्वर सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दौरा कर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम क्षेत्र के कोनी सहित गनियारी और पीपरतराई के एक दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान बूथों पर मौजूद बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए से चर्चा कर मतदाताओं की संख्या में कमी के कारणों की जानकारी ली गई।कमिश्नर ने नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित फार्म को भली-भांति समझकर कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम सूची में जोड़ने के लिए आवेदन आ सकते हैं, इसलिए सभी आवश्यक फार्म हर समय उपलब्ध रहें।सुनील जैन ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने राजनीतिक दलों के बीएलए से सहयोग की अपील की और बताया कि दावा-आपत्ति एवं नए मतदाता जोड़ने की प्रक्रिया आगामी 22 जनवरी तक जारी रहेगी। दौरे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी और उपायुक्त विकास एचएस चौहान भी मौजूद रहे।




