
सिरगिट्टी औद्योगिक नगर स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में हुए दर्दनाक अग्निकांड मामले में पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई दो मजदूरों की जिंदा जलने से हुई मौत के मामले में की गई है।पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर को फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें सुपरवाइजर रितेश शुक्ला और मजदूर आयुष उर्फ अभिजीत सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की थी।जांच में लापरवाही सामने आने के बाद मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री एवं एसएस केमिकल के संचालक संजय मित्तल के खिलाफ बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। ये धाराएं लापरवाही से मौत और जानबूझकर जीवन को खतरे में डालने से जुड़ी हैं, जो जमानतीय बताई जा रही हैं।यह मामला शिवा चौक, सूर्यवंशी मोहल्ला की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




