
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को साप्ताहिक टीएल बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं और लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी हितग्राही मूलक योजनाओं में फरवरी 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। साथ ही बचे हुए स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र 15 जनवरी तक अनिवार्य रूप से बनाकर वितरित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने कोपरा जलाशय के विकास को लेकर विशेष चर्चा करते हुए रामसर साइट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वन विभाग और जिला पंचायत को संयुक्त रूप से एक्शन प्लान बनाने जलाशय में अवैध मछलीपालन पर रोक लगाने तथा पक्षी अवलोकन के लिए वॉच टॉवर और दूरबीन की व्यवस्था करने को कहा इसके साथ ही स्थानीय स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर ने बताया कि 15 जनवरी को सिम्स बिलासपुर में निःशुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसमें देश के प्रसिद्ध स्पाइन सर्जरी विशेषज्ञ डॉ.भोजराज सेवाएं देंगे। फिलहाल लगभग एक दर्जन मरीज चिन्हित किए जा चुके हैं। यह शिविर गरीब मरीजों के लिए राहतकारी साबित होगा। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वर्तमान में जिले में लगभग 43 हजार आवास निर्माणाधीन हैं।




