
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट डिजिटल लॉकर सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। गेट नंबर–01 के पास फुटओवर ब्रिज के नीचे स्थापित इस सुविधा का उद्घाटन मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन की उपस्थिति में एक महिला यात्री द्वारा फीता काटकर किया गया। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली स्मार्ट डिजिटल लॉकर सेवा है।इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अब सामान जमा करने के लिए काउंटर पर इंतजार नहीं करना होगा।

QR कोड स्कैन कर या डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से मोबाइल नंबर व OTP सत्यापन कर भुगतान किया जा सकेगा। ऑटोमेटेड लॉकिंग सिस्टम से युक्त ये लॉकर 24×7 उपलब्ध रहेंगे, जिससे यात्रियों का सामान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और आधुनिक सुविधाओं की अपेक्षा को देखते हुए यह पहल की गई है। स्मार्ट डिजिटल लॉकर से विशेष रूप से पर्यटकों और लंबी दूरी के यात्रियों को लाभ मिलेगा। रेलवे भविष्य में भी यात्रियों को स्मार्ट ट्रैवल अनुभव देने के लिए ऐसी तकनीक आधारित सुविधाओं का विस्तार करता रहेगा।




