
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वर्ष 2025 में “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। इस अभियान के तहत नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और रैश ड्राइविंग पर कड़ी कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में चालानी कार्रवाई लगभग दोगुनी रही, वहीं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु की संख्या 23 से घटकर 3 रह गई।

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 1 लाख 22 हजार से अधिक चालान किए गए और करीब 3.83 करोड़ रुपये का समन शुल्क वसूला गया। नववर्ष पर लगाए गए विशेष चेकिंग पॉइंट के दौरान जिले में कोई सड़क दुर्घटना नहीं हुई। यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।




