
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को आखिरकार जेल से रिहा कर दिया गया है। शराब घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए गए चैतन्य बघेल 168 दिनों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद थे। अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी है।गौरतलब है कि 18 जुलाई, चैतन्य बघेल के जन्मदिन के दिन ED ने उन्हें गिरफ्तार किया था। वहीं अब एक भावनात्मक संयोग के तहत भूपेश बघेल के पोते के जन्मदिन के अवसर पर चैतन्य बघेल की रिहाई हुई है, जिसे कांग्रेस समर्थक शुभ संकेत के रूप में देख रहे हैं।रिहाई की खबर मिलते ही रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के साथ चैतन्य बघेल का जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने इसे “सत्य की जीत” बताते हुए केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया।वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मामला शुरू से ही राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित था और अब न्यायालय के फैसले ने सच्चाई को सामने ला दिया है। चैतन्य बघेल की रिहाई को प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।




