
थाना गौरेला क्षेत्र में घटित एक सनसनीखेज अंधे कत्ल के मामले में गौरेला–पेंड्रा–मरवाही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 03 दिवस में हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के सगे बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी 2026 की सुबह के बीच वार्ड क्रमांक 10, लमराटोला बरवासन निवासी चंद्रभान सिंह उरेती का शव उसके घर के सामने संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक के सिर, चेहरे, गले और कान में गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। प्रारंभिक तौर पर आरोपी अज्ञात होने के कारण मामला अंधा कत्ल बन गया था।पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, पारिवारिक पृष्ठभूमि और आपसी विवादों की गहन जांच की। विवेचना में सामने आया कि मृतक का अपने बड़े भाई चेतन सिंह उरेती से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई से गौरेला पुलिस की तत्परता और विवेचनात्मक क्षमता की सराहना की जा रही है।




