
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा रविवार को पुलिस परेड मैदान में वाकाथन एवं एरोबिक्स-जुंबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य के साथ-साथ आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा, जिसमें शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न संस्थानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे सहित जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस परेड मैदान से शुरू हुई वाकाथन शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी और यातायात जागरूकता संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

वाकाथन के पश्चात एरोबिक्स और जुंबा डांस के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश दिए गए। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचाव में सहयोग करें।

यातायात पुलिस ने बताया कि 5 जनवरी को शहर के विद्यालयों और महाविद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन और बैनर-पोस्टर के माध्यम से अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




