
बिलासपुर जिले में स्कूल परिसर में शराब पीकर आने के गंभीर आरोपों के बाद शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी के प्रधान पाठक प्रताप सत्यर्थी को निलंबित कर दिया गया है। बीते दिनों प्रधान पाठक का शराब के नशे में स्कूल आने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था जिसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए थे। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक प्रताप सत्यर्थी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की विभागीय जांच में यह पाया गया कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर अनुशासनहीन और गैर-जिम्मेदाराना आचरण किया गया, जो शासकीय सेवा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। मामले में एक महिला शिक्षिका की भूमिका भी सामने आई है। जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि महिला शिक्षिका बच्चों से मोबाइल फोन पर वीडियो बनवाती थी। इस लापरवाही और अनुचित व्यवहार को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित महिला शिक्षिका की वेतन वृद्धि रोकने का निर्णय लिया है।




